14 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

---Advertisement---

14 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में जनकपुर पुलिस की कार्यवाही

जनकपुर। नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देने और दुष्कर्म के मामले में पिछले करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को जनकपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिये लंबे समय से अलग अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था

जनकपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2012 में प्रार्थी ने थाना जनकपुर में अपनी नाबालिग बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में थाना जनकपुर में अपराध क्रमांक 103/2014 के तहत धारा 363 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी
विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को 27 नवंबर 2014 को बरामद कर लिया था। बालिका ने अपने कथन में बताया कि वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू राममिलन निवासी देवेंद्र नगर बड़पारा गुन्नौर जिला पन्ना (मध्यप्रदेश) उसे शादी का झांसा देकर गुन्नौर ले गया था जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
बालिका के कथन के आधार पर मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 366(क) और 376 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस द्वारा कई बार प्रयास किये गये लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिये विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरविंद खलखो के दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी विजय सिंह ने पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में जिला पन्ना भेजा। टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू को गुन्नौर जिला पन्ना (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से रिमांड प्राप्त कर उसे उप जेल मनेन्द्रगढ़ में दाखिल कराया गया।
14 वर्षों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विजय सिंह, प्रधान आरक्षक संदीप बागिस और संजय कुमार पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment