- फल वितरण कर बच्चों का किया उत्साहवर्धन, प्रेरणा गीत के माध्यम से बढ़ाया मनोबल
अनूपपुर 8 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला अनूपपुर के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ (सेवा में मेरा योगदान) के अंतर्गत जिला दिव्यांग (CWSN) छात्रावास, अनूपपुर में सेवा एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित कर उनका उत्साहवर्धन करना तथा सामाजिक सहभागिता एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के पदाधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने छात्रावास के बच्चों से आत्मीय भेंट की और उनके हालचाल एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बच्चों को फल वितरित किए गए तथा उनके साथ समय व्यतीत कर अपनत्व एवं सहयोग की भावना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री उमेश कुमार पाण्डेय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ प्रेरणा गीत गाया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रेरणा गीत की प्रस्तुति से छात्रावास परिसर में सकारात्मक, उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण निर्मित हुआ। इस अवसर पर बच्चों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्री फते सिंह, परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान, कोशिश फाउंडेशन, आनंदम सोशल वेलफेयर सोसायटी धनगवां पूर्वी से दिनेश, ह्यूमैनिटी केयर फैमिली वेलफेयर एंड हेल्थ सोसायटी के प्रतिनिधि पुष्पेन्द्र सहित अन्य प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर छात्रावास अधिकारी विनय मिश्रा, परामर्शदाता शिवानी सिंह, विक्रम सिंह, अनिल सिंह परिहार, प्रीति सिंह, सीएमसीएलडीपी छात्र सहित छात्रावास का समस्त स्टाफ एवं बच्चे उपस्थित रहे।







































































