सीसीटीवी की मदद से महिला का गुम हुआ कीमती पर्स बरामद, कोतवाली पुलिस ने लौटाई लाखों की अमानत
सब्जी मंडी से ऑफिस जाते समय गुम हुआ था पर्स, सोने-चांदी के आभूषण, दस्तावेज और 800 रुपये थे रखे
अनूपपुर, 7 सितंबर। थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता और लगातार की गई सीसीटीवी फुटेज की जांच के चलते एक महिला का गुम हुआ कीमती पर्स सकुशल बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज, एटीएम कार्ड सहित नगदी रखी हुई थी। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर महिला ने अनूपपुर पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं अनु.अधि. (पु) नवीन तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को पूजा सारीवान पति पीताम्बर सारीवान निवासी पटोरा टोला, सब्जी मंडी के पास अनूपपुर ने थाना कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया था कि वह सब्जी मंडी से अपने कार्यालय जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पर्स कहीं गिर गया। महिला ने बताया कि पर्स में सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ नगदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल पर्स की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। लगातार की गई जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा और पर्स मिलने के बाद उसे अपने पास रखने वाले व्यक्ति की पहचान बलराज सिंह गोंड निवासी ग्राम जमुडी के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर बलराज सिंह गोंड ने बताया कि 3 सितंबर को सब्जी का सामान लेकर वापस जाते समय उसे रास्ते में उक्त पर्स मिला था। पर्स का वास्तविक मालिक कौन है, इसकी जानकारी नहीं होने तथा आवश्यक कार्य से बाहर चले जाने के कारण वह तत्काल पर्स वापस नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस टीम ने पर्स को बरामद कर उसकी सामग्री का सत्यापन किया और आवेदिका को उसका पर्स सुरक्षित रूप से वापस सौंप दिया। बरामद पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की मनचली, कान की बाली, पायल का घुंघरू, नाक की लौंग, बच्चों के हाथ का चांदी का चूड़ा, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा 800 रुपये नगद शामिल थे।
पुलिस टीम की तत्परता से मिली राहत
पर्स में मौजूद आभूषणों और जरूरी दस्तावेजों के कारण महिला के लिए यह काफी महत्वपूर्ण था। पर्स सकुशल वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उसने पुलिस की तत्परता और प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव, आरक्षक राजेश कंवर एवं आरक्षक राहुल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार पतासाजी करते हुए पुलिस टीम ने गुम हुए पर्स को बरामद कर महिला तक पहुंचाया।







































































