सीसीएल मुख्यालय में तीन दिवसीय आधार अपडेट कैंप का शुभारंभ
कर्मचारियों, आश्रितों और आमजन को मिलेगी एक ही स्थान पर आधार सेवाएं, पहले दिन 40 लोगों ने उठाया लाभ
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को तीन दिवसीय आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन सीसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, उनके परिजन एवं अन्य लाभार्थी उपस्थित रहे।
02 जून से 04 जून 2026 तक आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आम नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। शिविर में 0 से 5 वर्ष, 5 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए आधार नामांकन एवं अद्यतन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
शिविर के पहले ही दिन लोगों में उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में लाभार्थी आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए पहुंचे, जहां लगभग 40 व्यक्तियों का सफलतापूर्वक आधार नामांकन एवं अद्यतन किया गया। लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय और संसाधनों की बचत करने वाला कदम बताया।
सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को आवश्यक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी और सुविधापरक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
आधार शिविर के माध्यम से न केवल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों को भी आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। सीसीएल की यह पहल डिजिटल पहचान संबंधी सेवाओं को अधिक सुलभ, सुगम और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






































