सीसीएल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन, ‘मिस्टर लापरवाह’ नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

---Advertisement---

सीसीएल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन, ‘मिस्टर लापरवाह’ नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

सफाई मित्रों का हुआ सम्मान, स्वच्छता किट वितरित; वृक्षारोपण, जनजागरूकता और श्रमदान से स्वच्छ भारत का संकल्प दोहराया

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में 16 से 30 जून तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का मंगलवार को मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में समारोहपूर्वक समापन किया गया। स्वच्छता शपथ के साथ शुरू हुए इस अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र तथा निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी सहित महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीसीएल स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल कार्यस्थल के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी ने कहा कि स्वच्छ कार्यस्थल से सुरक्षा, कार्यकुशलता और उत्पादकता में वृद्धि होती है तथा सभी कर्मचारियों को इसे अपनी नियमित आदत बनाना चाहिए।

समापन समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर लापरवाह’ नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने मनोरंजक शैली में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, लापरवाहीपूर्ण व्यवहार और स्वच्छता के प्रति उदासीनता पर प्रभावी संदेश दिया। नाटक ने उपस्थित कर्मचारियों और दर्शकों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सीसीएल के सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। निदेशकगण ने उन्हें स्वच्छता किट, जिसमें कैनवास बैग, टी-शर्ट, ग्लव्स, मास्क, सैनिटाइजर, टिफिन बॉक्स और तौलिया शामिल थे, भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।

स्वच्छता पखवाड़े के दौरान सीसीएल के सभी क्षेत्रों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान, श्रमदान, वृक्षारोपण, जागरूकता रैलियां और पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा “स्वच्छता ऑन कैनवास-2026” चित्रकला प्रतियोगिता, “कबाड़ से कंचन” अभियान, वॉल पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिता तथा जूट एवं कपड़े के थैलों के वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता का व्यापक संदेश दिया गया।

समारोह के अंत में सीसीएल परिवार ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment