सीसीएल में राजभाषा को नई गति: तिमाही समीक्षा बैठक में हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर जोर, उत्कृष्ट क्षेत्रों और विभागों का हुआ सम्मान

---Advertisement---

सीसीएल में राजभाषा को नई गति: तिमाही समीक्षा बैठक में हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर जोर, उत्कृष्ट क्षेत्रों और विभागों का हुआ सम्मान

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय स्थित दरभंगा हाउस में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की। बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का शुभारंभ महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके बाद उप-प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने गत तिमाही में संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करते हुए विभिन्न कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग, प्रगति और सुधार संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय पहचान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि हिंदी में हमारी संवेदनाएं और विचार सहज रूप से अभिव्यक्त होते हैं, इसलिए कार्यालयीन कार्यों में इसका अधिकाधिक उपयोग समय की आवश्यकता है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि राजभाषा हिंदी प्रशासनिक कार्यों को सरल, सहज और प्रभावी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे दैनिक कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता दें, ताकि राजभाषा नीति के उद्देश्यों की पूर्ति के साथ संगठन में संवाद और कार्य निष्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक अस्मिता को मजबूत करने का माध्यम भी है।

बैठक के दौरान राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार और अनुकरणीय प्रयासों के लिए कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग और प्रणाली विभाग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बोकारो एवं करगली क्षेत्र, कथारा क्षेत्र, ढोरी क्षेत्र, कल्याण एवं सेवाएं विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, सुरक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास विभाग, औद्योगिक अभियंत्रण विभाग, भूगर्भ विभाग, श्रम शक्ति विभाग, समाधान सेल तथा भर्ती विभाग को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

बैठक के अंत में संगठन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक सुदृढ़ करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर प्रयासों और सकारात्मक पहल के माध्यम से सीसीएल राजभाषा नीति के क्रियान्वयन में देश के सार्वजनिक उपक्रमों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

July 29, 2026

Leave a Comment