सीसीएल में एचआर अधिकारियों को AI का प्रशिक्षण, मानव संसाधन प्रबंधन में नई तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर
50 अधिकारियों ने लिया हिस्सा, निदेशक सी.एस. तिवारी बोले— AI से बढ़ेगी कार्यकुशलता, लेकिन नैतिक पहलुओं पर भी रखना होगा ध्यान

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग ने गुरुवार को मानव संसाधन अधिकारियों के लिए “मानव संसाधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की भूमिका” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय से लगभग 50 मानव संसाधन अधिकारियों ने भाग लेकर AI के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं को समझा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संकाय देशबंधु मिश्रा तथा महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक भी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि वर्तमान कार्य संस्कृति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एक महत्वपूर्ण और प्रभावी उपकरण के रूप में तेजी से उभर रही है। बदलते समय के अनुरूप मानव संसाधन अधिकारियों के लिए AI की कार्यप्रणाली को समझना और उसके प्रभावी उपयोग के लिए स्वयं को तैयार करना आवश्यक है।
निदेशक सी.एस. तिवारी ने कहा कि AI मानव संसाधन प्रबंधन को अधिक दक्ष, त्वरित और परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि AI के उपयोग के साथ जुड़े नैतिक पहलुओं, संभावित चुनौतियों और अन्य संवेदनशील मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना जरूरी है, ताकि तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी और संतुलन के साथ किया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयामों, मानव संसाधन प्रबंधन में इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए विषय से जुड़े प्रश्न पूछे और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ। सीसीएल प्रबंधन का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
















