सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने आज कतरास क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न परियोजनाओं में संचालित खनन एवं परिचालन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (समन्वय), महाप्रबंधक (खनन), महाप्रबंधक (सुरक्षा), सीएमपीडीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में सीएमडी ने सर्वप्रथम एकेडब्ल्यूएमसी (AKWMC) कोलियरी के भूमि पैच का दौरा किया। उन्होंने वहां संचालित कार्यों का जायजा लेते हुए एनक्लोजर शिफ्टिंग तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खदान में प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
सीएमडी ने वर्तमान में लगभग 1,200 टन प्रतिदिन के उत्पादन स्तर की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOPs) का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आगामी एक माह के भीतर उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 2,000 टन प्रतिदिन के निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान पैच कॉन्ट्रैक्टर के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि वर्तमान में उपलब्ध मशीनों के अतिरिक्त 8 जुलाई तक एक और मशीन तथा आठ डंपरों की तैनाती की जाएगी। इस पर सीएमडी ने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता एवं तैनाती आगामी एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि उत्पादन गतिविधियों में अपेक्षित गति लाई जा सके।
इसके पश्चात सीएमडी ने AKWMC के विभागीय पैच का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग एवं क्षमता वृद्धि के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए तथा इस संबंध में मुख्यालय स्तर से हर संभव आवश्यक सहयोग शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को विभागीय कार्यों की प्रगति में तेजी लाने तथा खदान विस्तार से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत सीएमडी ने अमलगामेटेड सालनपुर-गजनीटांड़-कतरास-चौटीडीह (ASGKC) कोलियरी का दौरा किया तथा वहां हाल में शुरू किये गए रेवेन्यू शेयरिंग ओपनकास्ट माइंस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना में प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर करने तथा सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान सीएमडी ने स्थानीय निवासियों से भी संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जाना। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि बीसीसीएल के प्रावधानों के अनुरूप उन्हें सभी आवश्यक एवं विधायी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमडी ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, उत्पादन, सुरक्षा, मानसून की तैयारियों, आधारभूत संरचना तथा परिचालन संबंधी विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, सुरक्षित खनन पद्धतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा परिचालन दक्षता को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यह निरीक्षण कार्यक्रम बीसीसीएल की उत्पादन वृद्धि प्रयासों, सुरक्षित एवं दक्ष खनन संचालन, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा मानसून अवधि के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के प्रति एक महत्वपूर्ण पहल रहा।