भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के मानव संसाधन विकास विभाग (कल्याण भवन, एचआरडी) द्वारा आज कंपनी में कार्यरत अधिकारियों के क्षमता संवर्धन एवं तकनीकी दक्षता के विकास के उद्देश्य सेकृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं मशीन लर्निंग (एमएल)विषय पर दो दिवसीय (15-16 अक्टूबर) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आईआईटी-आईएसएम, धनबाद के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के खनन, उत्खनन, वि. एवम या., मानव संसाधन, क्रय, वित्त, सामान्य प्रशासन, पर्यावरण सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत 50 से अधिक अधिकारी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों कोकृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग तथा जनरेटिव एआई की कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराना है। इसके माध्यम से अधिकारियों को दैनिक कार्यालयीन कार्यों में आधुनिक डिजिटल तकनीकों के प्रभावी उपयोगतथा कार्यप्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक समझ प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस आज आईआईटी-आईएसएम के विशेषज्ञ संकाय सदस्यों प्रो. सौम्या सिंह, प्रो. निखिल त्रिपाठी, प्रो. जयश्री मायंक, श्री राजेन दासगुप्ता एवं प्रो. सबनम बसु ने विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विभिन्न सत्रों में AI, ML एवं जेनरेटिव AI की मूलभूत अवधारणाएँ, दैनिक कार्यों में AI का उपयोग, ई-मेल, सूचना खोज, बैठकों एवं दस्तावेजों में AI की भूमिका तथा मानव संसाधन प्रबंधन में AI के अनुप्रयोगजैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिभागियों को इन तकनीकों की उपयोगिता, उनकी कार्यप्रणाली तथा कार्यालयीन कार्यों में उनके संभावित व्यावहारिक प्रयोगों की जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए सैद्धांतिक जानकारी के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं व्यावहारिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ‘ट्राई इट योरसेल्फ: गाइडेड प्लेग्राउंड’सत्र के अंतर्गत प्रतिभागियों को एआई आधारित उपकरणों के उपयोग की प्रारंभिक समझ विकसित करने का अवसर मिला। दिन के समापन सत्र में आयोजित रैप-अप एवं रिफ्लेक्शन सर्किल के दौरान प्रतिभागियों ने दिनभर के प्रशिक्षण से प्राप्त सीख, अनुभव एवं समझ को साझा किया तथा अपनी जिज्ञासाओं और प्रश्नों को विशेषज्ञों के समक्ष रखा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन कल दिनांक 16 अक्टूबर को, प्रतिभागियों को तकनीकी एवं परिचालन कार्यों, वित्तीय गतिविधियों तथा प्रशासनिक कार्यों में एआई के उपयोग से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, एआई का उत्तरदायित्वपूर्ण एवं सुरक्षित उपयोग तथा समूह गतिविधि के माध्यम से ‘एआई इन माय रोल’विषय पर पोस्टर एवं प्रस्तुति आधारित अभ्यास भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन फीडबैक सत्र एवं प्रमाणपत्र वितरण के साथ होगा।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल एवं आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के सहयोग से संचालित इस क्षमता संवर्धन पहल के अंतर्गत आगामी दिनों में कुल 10 बैचों के माध्यम से लगभग 500 अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल अधिकारियों को उभरती प्रौद्योगिकियों से परिचित कराने, डिजिटल दक्षता विकसित करने तथा कार्यस्थल पर एआई के उपयोग की संभावनाओं को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में तकनीक आधारित समाधान अपनाने तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं दक्षता में सुधार करने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद, प्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री सुमित कुमार सहित मानव संसाधन विकास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






































































