सभी विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें-कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता

---Advertisement---

 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश

अनूपपुर 22 अगस्त 2026/ कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जिले के विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में संचालित योजनाओं का प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके और जिले की रैंकिंग में सुधार हो।

 

बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण से जिले की शिकायतों में 53 प्रतिशत की कमी आई है, जिसके फलस्वरूप जिला ए ग्रेड में आ गया है। कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि अभी और सुधार की आवश्यकता है। वर्तमान में संभाग की ओवरऑल रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों को विशेष मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रकरणों के निराकरण में गति लाते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, विधिवत एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

 

कमिश्नर श्रीमती गुप्ता ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि जिले में अब तक 31.52 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हुआ है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। साथ ही नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व प्रकरणों का पंजीयन भी नहीं रुकना चाहिए।

 

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी गई। इस दौरान वीबी-जी राम-जी योजना के अंतर्गत जन सुरक्षा, मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, आर्थिक परिसंपत्तियों के सृजन एवं आपदा न्यूनीकरण सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत कंटूर ट्रेंच, बोल्डर चेक, गेबियन संरचना, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, बोरवेल एवं हैंडपंप के समीप सोख्ता अथवा रिचार्ज पिट निर्माण, एक बगिया मां के नाम, गंगोत्री हरित परियोजना, मां नर्मदा परिक्रमा परियोजना, वन विभाग द्वारा नर्सरी, लघु पशु, मुर्गी एवं बकरी शेड तथा संपर्कता मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।

 

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास, स्वच्छ भारत मिशन तथा ग्राम पंचायतों द्वारा ऑनलाइन कर वसूली की प्रगति के संबंध में भी जानकारी दी गई। कमिश्नर ने इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉश ऑन व्हील के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

कमिश्नर ने वन विभाग अंतर्गत संचालित वन धन केंद्रों की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि जिले में 8 वन धन केंद्र संचालित हैं। उन्होंने साल वनों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि अमरकंटक मां नर्मदा नदी का उद्गम स्थल है, इसलिए इस क्षेत्र के वनों एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी मजरा-टोला विद्युतीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।

 

70 प्लस आयुष्मान कार्ड निर्माण में लाएं तेजी

 

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि जिले में 72 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर एएनएम एवं वार्ड प्रभारियों के समन्वय से शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव जिला चिकित्सालय में सुनिश्चित कराने, एम्बुलेंस सेवाओं के सुचारु संचालन तथा प्रत्येक पात्र बच्चे का समय-सीमा में पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

शिक्षा विभाग को परीक्षा परिणाम और बेहतर बनाने के निर्देश

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अपार आईडी, प्रोफाइल पंजीयन, छात्रवृत्ति, जर्जर विद्यालय भवनों सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की तथा पिछले वर्ष की छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने तथा शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा रहा है, इस वर्ष भी पास प्रतिशत बढ़ाया जाए तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करें। शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार किया जाए तथा सी एवं डी श्रेणी के विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

कमिश्नर ने वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन अधिकार संबंधी दावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में कलेक्टर स्तर पर प्रस्तुत कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ

 

कमिश्नर ने संबल योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध कराई गई टीवी, पुस्तकें, खिलौने एवं अन्य सामग्रियों का बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जाए।

 

कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, नगरीय निकाय, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment