सौतेली मां पर गड़ासा से हमला, दो पुत्रों पर मामला दर्ज
घरेलू विवाद में हमला और जान से मारने की धमकी, पुलिस तलाश में जुटी
कोतमा। थाना अंतर्गत बुढानपुर गांव में घरेलू विवाद को लेकर दो युवकों द्वारा अपनी सौतेली मां पर गड़ासा से हमला कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल महिला ने कोतमा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज, हमला एवं जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी कलावती चौधरी (36) पति ढोला चौधरी ने शिकायत में बताया कि उसके पति ने पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उसे दूसरी पत्नी के रूप में रखा है। पुत्र जयनाथ चौधरी एवं जगन्नाथ चौधरी द्वारा घरेलू विवाद को लेकर आए दिन विवाद किया जाता है तथा रुपयों की मांग की जाती है। मांग पूरी करने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान दोनों युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस द्वारा मामले विवेचना करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।



































































