कलेक्टर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया समापन कार्यक्रम का शुभारंभ, योग साधकों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
एमसीबी। योग और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ मनेन्द्रगढ़ में आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क इंटीग्रेटेड योग शिविर का शनिवार को भव्य समापन हुआ। पतंजलि विश्वविद्यालय एवं भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर मनेन्द्रगढ़ में 31 मई से चल रहे इस शिविर में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर इसे जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
समापन कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की ऐसी विरासत है जो शरीर, मन और आत्मा में संतुलन स्थापित कर स्वस्थ जीवन की राह दिखाती है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनता है।
शिविर में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक योगाचार्यों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, सूर्य नमस्कार सहित कई योग विधियों के साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका और अन्य प्राणायामों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थदेव जी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय प्रभारी संजय अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला योग प्रभारी सतीश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, पुलिस जवान, विद्यार्थी और आम नागरिक मौजूद रहे। लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने भी योगाभ्यास में सहभागिता की। योगाचार्यों ने साधकों को ध्यान, योग निद्रा और ओम् उच्चारण के माध्यम से तनाव कम करने, मानसिक शांति बनाये रखने और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने के उपाय बताये साथ ही जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं से बचाव के लिये योग और प्राकृतिक दिनचर्या अपनाने की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वस्थ, नशामुक्त और अनुशासित समाज निर्माण का संकल्प लिया। आयोजकों ने सहयोगी संस्थाओं, प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य और आयुष विभाग सहित सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है।





































