अनूपपुर 17 अक्टूबर 2026/मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ग्राम खमरौध में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 6 ग्रामीण सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता की तथा नवीन ग्राम पंचायत भवन अटल ग्राम सेवा सदन, ग्राम खमरौध का लोकार्पण किया।
राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास शासन की प्राथमिकता है। गांवों में बेहतर सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलती है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होती है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 6 ग्रामीण सड़कों का भूमिपूजन क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आधार भी हैं। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने तथा आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है। सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को इनका लाभ मिल सके।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने नवीन ग्राम पंचायत भवन अटल ग्राम सेवा सदन, खमरौध के लोकार्पण को ग्राम पंचायत के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन का प्रमुख केंद्र बनेगा। शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आए।
शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं का विकास होने से गांवों की प्रगति को गति मिलती है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नवीन ग्राम पंचायत भवन अटल ग्राम सेवा सदन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।






































































