पुलिस लाइन पहुंचकर विद्यार्थियों ने जाना पुलिस का कामकाज, सुरक्षा व्यवस्था की समझी बारीकियां
‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत शासकीय मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राओं को कराया गया पुलिस लाइन का भ्रमण
अनूपपुर। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त नवाचार ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के छात्र-छात्राओं को पुलिस लाइन अनूपपुर का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे एवं सूबेदार अम्बरीष साहू के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया।
पुलिस की विभिन्न शाखाओं की दी जानकारी
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को पुलिस लाइन स्तर पर संचालित विभिन्न शाखाओं और वहां होने वाली कार्यवाहियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस विभाग किस प्रकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा करने और विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने के लिए कार्य करता है।
विद्यार्थियों को पुलिस लाइन में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और विभाग से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में सवाल भी किए।
अगले चरण में यातायात थाना और कंट्रोल रूम का होगा भ्रमण
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों को यातायात थाना तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष का भी भ्रमण कराया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, आपातकालीन पुलिस सहायता और नियंत्रण कक्ष से संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस और विद्यार्थियों के बीच संवाद बढ़ाने की पहल
‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम को पुलिस और युवा वर्ग के बीच संवाद बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की भूमिका और नागरिक सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही युवाओं को कानून के प्रति जागरूक रहने और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ज्योति दुबे, अम्बरीष साहू, जगत सिंह, हरिलाल सिंह, गौतम बघेल, रामजी शर्मा, कमलेंद्र सिंह, राघवेंद्र गौतम, योगेश राठौर, लवकुश घोषी तथा शिक्षा विभाग से संतोष साहू और हरिओम शर्मा उपस्थित रहे।




























































