जैतहरी, 5 जून 2026।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जैतहरी वन परिक्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रेंजर विवेक मिश्रा एवं डिप्टी रेंजर संतोष श्रीवास्तव ने किया।
वन विभाग के समस्त कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से परिक्षेत्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आम, नीम, पीपल, बरगद, करंज सहित 150 से अधिक छायादार व फलदार पौधे रोपे।
इस अवसर पर रेंजर विवेक मिश्रा ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केवल वृक्षारोपण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोपे गए पौधों का संरक्षण और देखभाल करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक एक पेड़ लगाकर उसे बचाने का संकल्प ले, तो जैतहरी को हरा-भरा बनाने का सपना पूरा हो सकता है।”
डिप्टी रेंजर संतोष श्रीवास्तव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मानसून का समय वृक्षारोपण के लिए सबसे उपयुक्त है। सभी ग्रामवासी अपने घर, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वन विभाग का सहयोग करें।
कार्यक्रम में वनरक्षक, वनपाल एवं अन्य मैदानी अमले ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विभाग द्वारा रोपे गए पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री-गार्ड लगाने व नियमित सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।





































