पराली नहीं, संपदा है फसल अवशेष: किसानों से वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने की अपील

---Advertisement---
  • पराली प्रबंधन अपनाएं, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाएं एवं पर्यावरण बचाएं
  • किसानों से पराली नहीं जलाने और कृषि यंत्रों से वैज्ञानिक प्रबंधन करने की अपील

अनूपपुर, 18 नवंबर 2026/ खरीफ फसलों की कटाई के बाद खेतों में बची पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसे देखते हुए किसानों को पराली नहीं जलाने और उपलब्ध कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है।

  • सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर से करें प्रबंधन

कंबाइन हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) का उपयोग करने से पराली खेत में समान रूप से फैल जाती है। इसके बाद सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर की सहायता से बिना पराली हटाए खेत में अगली फसल की बुवाई की जा सकती है। इससे फसल अवशेषों का खेत में ही प्रबंधन होता है तथा समय और लागत की बचत होती है।

  • बेलर मशीन से पराली का संग्रहण कर पाएं अतिरिक्त आय

राउंड बेलर एवं स्क्वेयर बेलर मशीन की सहायता से खेतों में बिखरी पराली के बंडल तैयार किए जा सकते हैं। इनका उपयोग सीबीजी प्लांट, बायोमास प्लांट एवं अन्य औद्योगिक कार्यों में किया जा सकता है। किसान इन बंडलों का विक्रय कर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं।

  • पशुओं के चारे के रूप में करें उपयोग

जहां खेतों में फसल की कटाई रीपर अथवा रीपर बाइंडर से की जाती है, वहां प्राप्त भूसे का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में किया जा सकता है। इस प्रकार फसल अवशेषों का उपयोग पशुपालन में भी किया जा सकता है।

उप संचालक कृषि के द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में पराली न जलाएं, बल्कि उपलब्ध कृषि यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन करें। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण, खेती की लागत कम करने तथा अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

, , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , , ,

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment