पेपर लीक मामलों पर कांग्रेस का तीखा हमला, युवाओं के भविष्य से समझौता बर्दाश्त नहीं

---Advertisement---

 

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा की मांग

मनेन्द्रगढ़। देशभर में सामने आये पेपर लीक मामलों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर ने जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने देश की परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है और लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने कहा कि नीट सहित कई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिये साथ ही पेपर लीक करने वाले गिरोह का खुलासा कर दोषियों और उनके संरक्षणकर्ताओं पर कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिये। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि प्रत्येक पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के सपनों को तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं से माफी मांगनी चाहिये और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिये ठोस कदम उठाने चाहिये।

कार्यक्रम प्रभारी और जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि आज देश का युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भविष्य संवारना चाहता है लेकिन भाजपा सरकार की लापरवाही और कमजोर व्यवस्था के कारण उसे बार-बार निराशा का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले अभ्यर्थियों के सपने पेपर लीक जैसी घटनाओं से टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि देश के युवाओं के विश्वास के साथ किया गया गंभीर खिलवाड़ है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि ग्रामीण और गरीब परिवारों के छात्र कठिन परिस्थितियों में वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, सभी दोषियों और उनके संरक्षणकर्ताओं पर कठोर कार्यवाही के साथ पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग दोहराई।

प्रेसवार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जायेगा। कांग्रेस पार्टी छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के हितों की आवाज सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment