उमरिया, 10 जून। गृह विभाग द्वारा निर्मित अवार्ड्स पोर्टल के माध्यम से वर्ष 2027 के पद्म पुरस्कारों के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन ऑनलाइन आमंत्रित किए गए हैं। जिला स्तर से प्राप्त नामांकन मध्यप्रदेश शासन के पद्म पुरस्कार पोर्टल https://padmaawards.mp.gov.in पर ऑनलाइन ही प्रेषित किए जाएंगे।
पोर्टल पर ऑनलाइन नामांकन दर्ज करने हेतु यूजर नेम एवं पासवर्ड संबंधित अधिकारियों की शासकीय अधिकृत ई-मेल आईडी पर पूर्व में प्रेषित किए जा चुके हैं। किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता के लिए गृह विभाग द्वारा निर्धारित ई-मेल आईडी पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने बताया कि जिला स्तर पर पद्म पुरस्कार हेतु पात्र व्यक्तियों का चयन कर उनके नामांकन तथा आवश्यक दस्तावेज गृह विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर 30 जून 2026 तक अपलोड किए जाने हैं।
उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि पद्म पुरस्कार-2027 हेतु पात्र प्रतिभागियों के नामांकन निर्धारित समय-सीमा के भीतर विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन करना सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।



































