निर्गुण-सगुण भक्ति धारा के बीच समरसता के प्रकाश स्तंभ बने संत नामदेव

---Advertisement---
  • संत परंपरा में सामाजिक समरसता, भक्ति और आध्यात्मिक एकता का दिया संदेश

 

अनूपपुर। भारतीय संत परंपरा में संत नामदेव का व्यक्तित्व केवल एक भक्त या कवि के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, धार्मिक एकता और निर्गुण-सगुण भक्ति धाराओं के बीच सेतु के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मध्यकालीन भारत में जब सामाजिक विभाजन, जातिगत भेदभाव और धार्मिक कट्टरता का प्रभाव बढ़ रहा था, उस दौर में संत नामदेव ने भक्ति को जन-जन तक पहुंचाते हुए मानव मात्र में एक ही परमात्मा के दर्शन का संदेश दिया।

मध्यकाल में भारत की संत परंपरा का प्रमुख केंद्र काशी तथा भक्ति परंपरा का प्रमुख केंद्र वृंदावन रहा, वहीं महाराष्ट्र में पंढरपुर संत और भक्ति परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र बना। इसी पवित्र भूमि से संत नामदेव ने अपनी भक्ति यात्रा प्रारंभ की और आगे चलकर महाराष्ट्र से पंजाब तक व्यापक भ्रमण करते हुए भक्ति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

  • संत ज्ञानेश्वर से गहरा आध्यात्मिक संबंध

संत नामदेव के जीवन में संत ज्ञानेश्वर का विशेष स्थान रहा। प्रारंभ में संत नामदेव ने संत बिसोबा खेचर को अपना गुरु माना, लेकिन संत बिसोबा ने उन्हें पुनः संत ज्ञानेश्वर के पास जाने की प्रेरणा दी। इसके बाद संत नामदेव की संत ज्ञानेश्वर के प्रति श्रद्धा और अधिक प्रगाढ़ होती चली गई। वे संत ज्ञानेश्वर की छाया की तरह उनके साथ रहने लगे।

संत ज्ञानेश्वर ब्राह्मण होते हुए भी संत नामदेव के चरण स्पर्श करते थे। यह घटना उस समय के सामाजिक जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश लेकर आई। इस आचरण ने यह स्पष्ट किया कि संत परंपरा में जाति से अधिक महत्व व्यक्ति के आचरण, ज्ञान, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का है। संतों के इसी उत्कृष्ट आचरण और विनम्रता ने वारकरी संप्रदाय के भक्तों को गहराई से प्रभावित किया।

संत ज्ञानेश्वर के समाधि लेने के बाद संत नामदेव का अंतर्मन अत्यंत व्यथित हुआ और उनका मन पंढरपुर से भी हटने लगा। इसी दौर में उन्होंने उत्तर भारत की ओर जाने का निर्णय लिया।

  • पंजाब में भक्ति जागरण का महत्वपूर्ण अध्याय

मध्यकालीन भारत में राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां अत्यंत चुनौतीपूर्ण थीं। धार्मिक असहिष्णुता और सामाजिक असुरक्षा के वातावरण में संत नामदेव ने भक्ति और आध्यात्मिक जागरण को समाज के लिए आधार बनाया। वे निर्गुण-सगुण, शैव-वैष्णव जैसी विभाजक सीमाओं से ऊपर उठकर ईश्वर की एकता का संदेश देते हुए उत्तर भारत की ओर बढ़े।

संत नामदेव अपनी कीर्तन मंडली के साथ निरंतर भ्रमण करते रहे। उन्होंने पंजाब में लंबे समय तक प्रवास किया और लगभग दो दशकों तक वहां भक्ति एवं सामाजिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। वे करताल और एकतारा के साथ मधुर स्वर में अभंग तथा भक्ति पदों का गायन करते थे। उनकी सरल भाषा और सहज भक्ति ने सामान्य जनमानस को गहराई से प्रभावित किया।

पंजाब के घुमाण क्षेत्र में संत नामदेव की स्मृति आज भी धार्मिक आस्था का केंद्र है। उनके नाम से जुड़ा गुरुद्वारा उनकी व्यापक संत परंपरा और पंजाब में उनके प्रभाव की स्मृति को जीवंत रखता है।

  • श्री गुरु ग्रंथ साहिब में संत नामदेव की वाणी

संत नामदेव की आध्यात्मिक दृष्टि का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह था कि उनके लिए विट्ठल, शिव, विष्णु और पांडुरंग अलग-अलग सत्ता नहीं, बल्कि उसी एक परम तत्व के विविध स्वरूप थे। वे मानते थे कि प्रत्येक जीव के भीतर वही परमात्मा विद्यमान है।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब में संत नामदेव की 60 वाणियां अथवा शबद सम्मिलित हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि उनकी भक्ति-वाणी का प्रभाव महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उत्तर भारत की संत परंपरा और आगे चलकर सिख आध्यात्मिक परंपरा पर भी उसका गहरा प्रभाव पड़ा।

संत नामदेव की वाणी में जातिगत भेदभाव के विरुद्ध स्पष्ट स्वर दिखाई देता है। सामाजिक उपेक्षा और जातिगत विद्वेष का सामना करने के बावजूद उन्होंने जाति-पांति को मानव एकता के मार्ग में बाधा माना और समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया।

  • राम नाम की महिमा का किया गुणगान

संत नामदेव भक्तों को भाई कहकर संबोधित करते थे और राम नाम की महिमा का निरंतर बखान करते थे। उनके अनुसार परमात्मा के नाम की साधना के सामने बाहरी कर्मकांड गौण हो जाते हैं। वे कहते हैं—

“भैया कोई तुलै रे रामाँय नाँम।
जोग यज्ञ तप होम नेम व्रत।
ए सब कौंने काम।।“

इस वाणी में संत नामदेव ने भक्ति को बाहरी आडंबर से ऊपर रखते हुए ईश्वर के नाम-स्मरण को आध्यात्मिक साधना का प्रमुख आधार बताया

हालांकि संत नामदेव को अनेक विद्वान निर्गुण भक्ति धारा से जोड़ते हैं, लेकिन उनकी रचनाओं में तीर्थ, राम और ईश्वर के विभिन्न स्वरूपों के प्रति आस्था भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। वे कहते हैं—

“त्रिवेणी पिराग करौ मन मंजन।
सेवौ राजा राम निरंजन

इस प्रकार उनकी भक्ति में निर्गुण और सगुण दोनों धाराओं का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।

  • निर्गुण और सगुण के बीच बने सेतु

संत नामदेव की सबसे बड़ी विशेषता यही रही कि उन्होंने निर्गुण और सगुण भक्ति के बीच कोई विरोध नहीं माना। उनके लिए ईश्वर निराकार भी है और भक्त की भावना के अनुरूप साकार भी। यही समन्वय उन्हें संत परंपरा में विशिष्ट स्थान प्रदान करता है

पंजाब की संत परंपरा में संत नामदेव को उन प्रमुख संतों में माना जाता है जिन्होंने निर्गुण भक्ति की चेतना को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद के संतों और गुरु परंपरा में भक्ति जागरण के लिए जो व्यापक सामाजिक और आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ, उसमें संत नामदेव जैसे संतों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।

उनकी वाणी ने यह संदेश दिया कि ईश्वर की प्राप्ति जाति, संप्रदाय, बाहरी पहचान या कर्मकांड से नहीं, बल्कि निर्मल हृदय, भक्ति और मानवता की भावना से होती है

  • संत रविदास ने भी किया संत नामदेव का स्मरण

संत नामदेव की महिमा का उल्लेख संत परंपरा के अन्य महान संतों की वाणी में भी मिलता है। संत रविदास ने नामदेव, कबीर, त्रिलोचन, सधना और सैन जैसे संतों का स्मरण करते हुए कहा

“नामदेव कबीरु तिलोचनु सधना सैनू तरे।
कहि रविदास सुनहु रे संतहु हरि जीउ ते सभै सरै

इसका आशय है कि नामदेव, कबीर, त्रिलोचन, सधना और सैन आदि संत परमात्मा की भक्ति के माध्यम से भवसागर से पार हुए। संत रविदास का यह उल्लेख संत नामदेव के व्यापक आध्यात्मिक प्रभाव को रेखांकित करता है

  • “एकल माटी” में दिखाई मानव समानता की विराट दृष्टि

संत नामदेव की वाणी में मानव समानता और सर्वव्यापी परमात्मा का विचार अत्यंत प्रभावशाली रूप में सामने आता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित उनकी प्रसिद्ध वाणी में कहा गया है

“एकल माटी कुंजर चींटी भाजन हैं बहु नाना रे॥
असथावर जंगम कीट पतंगम घटि-घटि रामु समाना रे॥
एकल चिन्ता राखु अनंता अउर तजह सभ आसा रे॥
प्रणवै नामा भए निहकामा को ठाकुरु को दासा रे

इस वाणी में संत नामदेव का संदेश अत्यंत स्पष्ट है। हाथी और चींटी एक ही मिट्टी से बने हैं, जैसे एक ही मिट्टी से अनेक प्रकार के बर्तन बनाए जाते हैं। इसी प्रकार स्थावर-जंगम, जीव-जंतु और समस्त प्राणियों में वही परमात्मा विद्यमान है

यह विचार केवल आध्यात्मिक दर्शन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी मजबूत आधार है। जब प्रत्येक प्राणी में एक ही परमात्मा का वास माना जाता है, तब ऊंच-नीच, जाति-पांति और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं बचता

  • सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाई भक्ति की चेतना

संत नामदेव की रचनाओं की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सरलता, सहजता और जनभाषा है। उन्होंने मराठी में अभंगों की रचना की तो हिंदी में भी पदों के माध्यम से अपनी आध्यात्मिक अनुभूति को व्यक्त किया। उनकी भाषा विद्वानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामान्य जनमानस तक सहज रूप से पहुंची

उनकी भक्ति में दर्शन है, लेकिन वह जटिल नहीं है। उनकी वाणी में आध्यात्मिकता है, लेकिन उसमें लोकजीवन से दूरी नहीं है। यही कारण है कि संत नामदेव की वाणी सदियों बाद भी समाज को मानवता, समानता, भक्ति और समरसता का संदेश देती है

भारत में आज भी संत नामदेव के लाखों अनुयायी हैं। अनेक समाज अपने नाम के साथ ‘नामदेव’ शब्द को गर्व के साथ जोड़ते हैं। यह केवल किसी संत की स्मृति नहीं, बल्कि उस सामाजिक और आध्यात्मिक परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसने समानता और मानवता का संदेश दिया

  • समरसता के प्रकाश स्तंभ के रूप में संत नामदेव

संत नामदेव का जीवन यह संदेश देता है कि भक्ति केवल व्यक्तिगत मुक्ति का साधन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने की शक्ति भी है। उन्होंने धार्मिक मतभेदों के स्थान पर आध्यात्मिक एकता, जातिगत विभाजन के स्थान पर सामाजिक समरसता और बाहरी आडंबर के स्थान पर सहज भक्ति को महत्व दिया।

उनकी साधना उस ब्रह्म की साधना थी जो सर्वत्र व्याप्त है। देशाटन करते हुए उन्होंने भक्ति की ज्योति को महाराष्ट्र से पंजाब तक पहुंचाया और जनमानस में यह विश्वास जगाया कि परमात्मा किसी एक जाति, वर्ग, क्षेत्र या संप्रदाय तक सीमित नहीं है

संत नामदेव की यही समन्वयकारी दृष्टि उन्हें निर्गुण और सगुण भक्ति धाराओं के मध्य एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में स्थापित करती है। उनकी वाणी आज भी सामाजिक समरसता, धार्मिक सहिष्णुता और मानव एकता का प्रकाश स्तंभ बनी हुई है

पंजाब के घुमाण में संत नामदेव की स्मृति से जुड़ी परंपरा हो अथवा श्री गुरु ग्रंथ साहिब में उनकी वाणी का सम्मानित स्थान—दोनों इस बात के प्रमाण हैं कि संत नामदेव का प्रभाव क्षेत्रीय सीमाओं से बहुत आगे तक विस्तृत रहा

संत नामदेव का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है—मनुष्य को मनुष्य से जोड़ना, हर जीव में परमात्मा को देखना और भक्ति के माध्यम से समाज में समरसता स्थापित करना। यही उनके जीवन और साहित्य की सबसे बड़ी देन है और यही उन्हें भारतीय संत परंपरा में एक अमिट प्रकाश स्तंभ के रूप में स्थापित करती है

लेखक – डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव
पीएच.डी. (रिसर्च स्कॉलर), समाज कार्य
महामहिम राज्यपाल, मध्यप्रदेश शासन द्वारा सम्मानित
जैतहरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment