नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पेयजल व्यवस्था की अधिकारी करें सघन मॉनिटरिंग-कलेक्टर

---Advertisement---

 

वृंदावन विकास योजना के अंतर्गत दारसागर में किया जाए क्लस्टर डेवलप-कलेक्टर

जिले के जीर्ण शीर्ण भवनों को डिस्मेंटल करने की अभियान मोड में हो कार्यवाही-कलेक्टर

जिले में 1 से 10 जून तक चलाया जाएगा स्पेशल एनरोलमेंट ड्राइव कार्यक्रम-कलेक्टर

कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

अनूपपुर 25 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा है कि अनूपपुर जिले में ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की अधिकारी सतत् मॉनिटरिंग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक हैंडपंप, नल-जल योजनाएं, पाइपलाइन मरम्मत कार्य, जल आपूर्ति व्यवस्था तथा टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में जल संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता का हित सर्वाेपरि है। आवश्यकता पड़ने पर निजी हैंडपंपों का अधिग्रहण कर आमजन को पेयजल उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

कलेक्टर श्री पंचोली ने नगरीय निकाय अनूपपुर, कोतमा, बिजुरी, बरगवां (अमलाई), पसान, डोला, डूमरकछार एवं बनगवॉ सहित विभिन्न नगरीय निकायों की पेयजल व्यवस्था एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने वृंदावन विकास योजना के अंतर्गत चिन्हित दारसागर गांव को एपीसी से संबंधित विभाग मत्स्य पालन, पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को समन्वित रूप से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, पशुपालन, उद्यानिकी एवं कृषि के माध्यम से शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने तथा वृंदावन विकास योजना के अंतर्गत योजनावार हितग्राहियों से चर्चा कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को कृषि को लाभकारी व्यवसाय एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष पहल सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने अनूपपुर जिले के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के चिन्हित जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान मोड में ऐसे भवनों को डिस्मेंटल करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी चिन्हित भवनों को मानसून पूर्व अनिवार्य रूप से डिस्मेंटल किया जाए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में कलेक्टर ने नगरीय एवं जनपद क्षेत्रों में लंबित संबल पंजीयन आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने 50, 100 एवं 300 दिवस से लंबित शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान को निर्देशित किया कि अनूपपुर जिले में 1 से 10 जून तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शिक्षक घर-घर पहुंचकर विद्यालय से बाहर एवं ड्रॉपआउट विद्यार्थियों से संपर्क करेंगे तथा उनका नामांकन सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी विद्यार्थी नामांकन से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित सेक्टर अधिकारियों को अभियान की सतत् मॉनिटरिंग करने तथा जिले में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने अमरकंटक क्षेत्र में ड्रोन सर्वे व्यवस्थित रूप से कराने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी, अमरकंटक को दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में कराए गए ड्रोन सर्वे तथा वर्ष 2026 में कराए जाने वाले ड्रोन सर्वे की तुलनात्मक समीक्षा कर यह चिन्हित किया जाए कि अमरकंटक क्षेत्र में कहां-कहां अतिक्रमण हुआ है तथा उस पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध पेनाल्टी की कार्यवाही भी की जाए, जिससे अतिक्रमण रोकने हेतु प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि अमरकंटक क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान सतत् रूप से संचालित किए जांए। साथ ही ड्रोन सर्वे से संबंधित सूची एवं वर्ष 2025 तथा 2026 की स्क्रीनिंग रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि वर्तमान स्थिति की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सके।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment