दो लग्जरी कारों में छिपाकर रखा गया था गांजे की बड़ी खेप
मौके से आरोपी फरार
एमसीबी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए लाखों रुपयों के गांजे की खेप बरामद की है। उजियारपुर गांव के स्कूल ग्राउंड में खड़ी दो संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कारों से पुलिस ने 565 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 84 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चल रही रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम उजियारपुर स्कूल मैदान में दो सफेद रंग की कारें काफी देर से संदिग्ध हालत में खड़ी हैं। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों की जांच शुरू की।
दोनों कारें लॉक मिलीं। अंदर संदिग्ध सामान दिखाई देने पर पुलिस ने कारों को खोलकर तलाशी ली। कार क्रमांक ओआर 15 आर 8100 से गांजे के 305 पैकेट तथा सीजी 04 एनसी 1803 से 260 पैकेट बरामद हुए। दोनों वाहनों से कुल 565 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने गांजा और दोनों कारों को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पकड़े जाने के डर से वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में
थाना प्रभारी पोड़ी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश दुबे, नागपुर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शेषनारायण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक पूरनचंद्र राजवाड़े सहित प्रधान आरक्षक ललित यादव, आरक्षक आदित्य कुर्रे, सुनील सोनवानी, अरविंद मिश्रा, मिथलेश गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, प्रसन्न मोहंती, सैनिक शैलेन्द्र सिंह एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






































