मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे दो पिकअप जब्त, 14 मवेशी बरामद
जैतहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो वाहन छोड़कर अंधेरे में फरार हुए चालक, 13 मवेशियों को कराया सुरक्षित, एक भैंस मृत मिली
अनूपपुर। जैतहरी थाना पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को जब्त कर उनमें क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे कुल 14 मवेशियों को बरामद किया है। दोनों वाहनों में मवेशियों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों पिकअप चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। बरामद मवेशियों में 13 को सुरक्षित कराया गया, जबकि एक भैंस मृत अवस्था में मिली।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो सफेद रंग के फुल बॉडी पिकअप वाहनों में मवेशियों को अत्यंत क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना जैतहरी एवं पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर की दो टीमों ने टकहुली-पचौहा रोड पर नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागे वाहन
नाकाबंदी के दौरान जैतहरी ऑक्सीजन प्लांट की ओर से टकहुली-पचौहा रोड की तरफ दो पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन चालकों ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
वेंकटनगर पुलिस टीम ने एक पिकअप वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर 3 नग पड़ा और 4 नग भैंसी, कुल 7 मवेशी रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे मिले।
मवेशियों की स्थिति बेहद खराब थी। उन्हें इस तरह बांधा गया था कि उन्हें हिलने-डुलने और सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसमें भरे 7 मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। इस वाहन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये तथा मवेशियों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में कुल करीब 10.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
दूसरे पिकअप में भी 7 मवेशी मिले
इसी दौरान जैतहरी पुलिस की दूसरी टीम ने दूसरे पिकअप वाहन का पीछा किया। चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए टकहुली-पचौहा रोड के किनारे वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
दूसरे वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भी 3 नग पड़ा और 4 नग भैंसी, कुल 7 मवेशी रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। वाहन में मवेशियों के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। तलाशी के दौरान एक भैंस मृत अवस्था में भी पाई गई।
दूसरे वाहन से बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, जबकि पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
दोनों चालक फरार, तलाश जारी
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 2 पिकअप वाहन और 14 मवेशी जब्त किए हैं। इनमें 13 मवेशियों को सुरक्षित कराया गया, जबकि एक भैंस मृत मिली। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार दोनों वाहन चालकों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय की भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। अभियान में प्रवीण साहू, सुरेश कुमार कोरी, जयसिंह, बलराम पैकरा और विजय टाटू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जैतहरी पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशियों को अवैध रूप से क्रूरतापूर्वक परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस द्वारा फरार वाहन चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












































