7 अगस्त को बिजुरी में आयोजित होगा पहला शिविर
अनूपपुर 3 अगस्त 2026/कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को पूर्व निर्धारित स्थान पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के प्रथम चरण का शिविर 7 अगस्त 2026 को नगर परिषद कार्यालय हॉल, बिजुरी में आयोजित किया जाएगा। शिविर में नगर परिषद बिजुरी, जनपद पंचायत कोतमा, तहसील, थाना तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही करेंगे। जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी तथा अनुविभाग स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
उन्होंने अधिकारियों से अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का अधिकतम निराकरण सुनिश्चित करने, सादगी एवं मितव्ययिता के साथ कार्यक्रम आयोजित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।













