मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर पालिका में घमासान, भाजपा नेता प्रतिपक्ष ने दी अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

---Advertisement---

मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर पालिका में घमासान, भाजपा नेता प्रतिपक्ष ने दी अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

कोयलांचल समाचार के लिए

रिपोर्टर : अरुण द्विवेदी, शहडोल

शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद एवं नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष शक्ति लक्षाकर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आमजन के साथ नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

शक्ति लक्षाकर ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से लगातार शिकायतें और मांगें उठाने के बावजूद नगर के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट तथा जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर के कई वार्डों में विकास कार्यों के टेंडर लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिसके कारण नागरिकों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही से वार्डों का विकास प्रभावित हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि परिषद की बैठकों में कई बार विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 29 सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की बदहाली और जलभराव की समस्या पर चिंता जताई।

शक्ति लक्षाकर ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई नहीं की गई तो वे आम नागरिकों को साथ लेकर आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

नगर पालिका प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है और जनता को राहत कब तक मिल पाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment