महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल: एसईसीएल की पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी ने पूरा किया सफल एक वर्ष

---Advertisement---

महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल: एसईसीएल की पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी ने पूरा किया सफल एक वर्ष

कोल इंडिया की पहली महिला संचालित डिस्पेंसरी बनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र, सीएमडी हरीश दुहन बोले— ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में होगा विकास

बिलासपुर। महिला सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी, वसंत विहार डिस्पेंसरी ने अपनी स्थापना का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस अवसर पर आयोजित प्रथम वर्षगांठ समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की।

समारोह का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस दौरान वसंत विहार डिस्पेंसरी की सभी महिला चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मी, इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक तथा चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे वर्ष के दौरान डिस्पेंसरी ने कर्मचारियों और उनके आश्रितों को समर्पित भाव से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराकर अपनी अलग पहचान बनाई है।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता और समर्पण का परिचय दे रही हैं तथा वसंत विहार डिस्पेंसरी इसका उत्कृष्ट प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में इस डिस्पेंसरी को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

समारोह में मुख्य चिकित्सा सेवाएं (सीएमएस) डॉ. श्रुति देव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा सेवाएं (डिप्टी सीएमएस) डॉ. अरिहंत जैन तथा वसंत विहार डिस्पेंसरी की प्रभारी एवं उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नाज़िया मोहम्मदी सहित चिकित्सा विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने महिला टीम के एक वर्ष के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।

उल्लेखनीय है कि वसंत विहार डिस्पेंसरी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला चिकित्सकों और महिला स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किया जा रहा है। यह पहल न केवल महिलाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी दक्षता और प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है। एक वर्ष की सफल यात्रा के बाद यह डिस्पेंसरी एसईसीएल और कोल इंडिया के लिए गर्व का विषय बन गई है तथा भविष्य में महिला नेतृत्व आधारित स्वास्थ्य सेवा मॉडल के रूप में नई पहचान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment