मध्य प्रदेश सिंचाई विभाग स्पोर्ट्स क्लब के रीवा क्षेत्रीय अध्यक्ष बने के.पी. कड़याम
तीन प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन पर अधिकारियों व खिलाड़ियों ने दी बधाई

सागर। मध्य प्रदेश सिंचाई (जल संसाधन) विभाग स्पोर्ट्स क्लब के रीवा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के लिए आयोजित निर्वाचन में के.पी. कड़याम निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं खेल भावना के अनुरूप संपन्न हुई, जिसकी अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने सराहना की।
निर्वाचन अधिकारी पी.के. जैन के निर्देशन में सहायक निर्वाचन अधिकारी शरफ ओहब तथा पर्यवेक्षक एस.एस. चीमा, शक्ति ठाकरे और किशोर सिंह शक्रवार की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई। निर्वाचन दल में माइक्रो ऑब्जर्वर विनोद नगर एवं जहूर खान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के लिए के.पी. कड़याम, मनीष राय, संतोष कुमार सोंधिया एवं धर्मेंद्र पटेल ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान के.पी. कड़याम को छोड़कर शेष तीनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने के.पी. कड़याम को रीवा क्षेत्र का निर्विरोध क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित किया।
निर्वाचन परिणाम की घोषणा होते ही उपस्थित अधिकारियों, प्रांतीय पदाधिकारियों, निर्वाचन दल एवं खिलाड़ियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया। सभी ने खेल भावना, संगठनात्मक एकता और पारस्परिक सौहार्द को मजबूत बनाने की दिशा में इस निर्विरोध निर्वाचन को सकारात्मक पहल बताया।
नवनिर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष के.पी. कड़याम ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के सहयोग से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।



































