लोकतंत्र के मुद्दे पर मनेन्द्रगढ़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
गुरुवार शाम निकलेगी मशाल यात्रा, भगत सिंह चौक पर होगा समापन

मनेन्द्रगढ़। लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस गुरुवार को मनेन्द्रगढ़ में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर द्वारा “लोकतंत्र बचाओ अभियान” के तहत 8 अक्टूबर को मशाल यात्रा निकाली जायेगी। मशाल यात्रा की शुरुआत शाम 5 बजे जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचेंगे जहां यात्रा का समापन किया जायेगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के साथ मंडल अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती देश की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े विषयों को लेकर कांग्रेस लगातार अपनी बात जनता के बीच रख रही है। मशाल यात्रा इसी संघर्ष और जागरूकता अभियान का हिस्सा है
उन्होंने कहा कि मशाल यात्रा के जरिये कांग्रेसजन लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेंगे। उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य निर्वाचन आयोग के पुतले का दहन किये जाने की जानकारी कांग्रेस ने दी है। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा को लेकर उसका अभियान आगे भी जारी रहेगा




































































