कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए डेढ़ महीने से भटक रहा किसान, CM हेल्पलाइन में भी नहीं मिला न्याय

कोतमा। विद्युत वितरण केंद्र कोतमा के अंतर्गत ग्राम पडौर निवासी किसान रूप सिंह कृषि कार्य हेतु मोटर पंप कनेक्शन के लिए पिछले डेढ़ महीने से विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
किसान का आरोप है कि उन्होंने कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, समग्र आईडी, शपथ पत्र, ग्राम पंचायत एनओसी, आवेदन पत्र, फोटो, बैंक पासबुक, खसरा सहित अन्य आवश्यक कागजात में जमा कर दिए थे। इसके साथ ही ठेकेदार और क्षेत्रीय लाइनमैन की जांच रिपोर्ट भी पूरी कर विद्युत वितरण केंद्र कोतमा में आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
इसके बावजूद आज तक उन्हें कृषि कार्य के लिए विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है। किसान रूप सिंह का कहना है कि समय पर कनेक्शन नहीं मिलने से उनके कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
परेशान होकर रूप सिंह ने अपनी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई।
लेकिन उनका आरोप है कि विद्युत विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिकायत के निराकरण में गलत एवं भ्रामक जानकारी दर्ज कर मामले को दबाने का प्रयास किया। किसान का कहना है कि शिकायत में वास्तविक स्थिति को छिपाते हुए झूठी जानकारी प्रस्तुत की गई, जबकि उन्हें अब तक विद्युत कनेक्शन नहीं मिला है।




























































