अनूपपुर 14 अक्टूबर 2026/प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना ने जैतहरी के वार्ड क्रमांक 09 निवासी श्रीमती मनीषा सोंधिया को अपने सिलाई कार्य को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहयोग दिया है। श्रीमती मनीषा सोंधिया को सिलाई कार्य में रुचि थी और वे अपने काम का विस्तार करना चाहती थीं, लेकिन पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें कठिनाई हो रही थी। ऐसे में व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूंजी की आवश्यकता उनके सामने एक बड़ी चुनौती थी।
पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने नगर परिषद जैतहरी की एनयूएलएम शाखा से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक, शाखा जैतहरी द्वारा उन्हें पहली बार 10 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। उन्होंने निर्धारित अवधि में ऋण की किश्तों का समय पर भुगतान किया। उनके नियमित भुगतान के आधार पर बैंक द्वारा आगे 20 हजार रुपये का ऋण दिया गया, जिसे भी उन्होंने समय पर चुकाया।
दोनों ऋणों का समय पर भुगतान करने के बाद श्रीमती मनीषा सोंधिया को 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। वर्तमान में वे इस ऋण की किश्तों का भी नियमित भुगतान कर रही हैं। योजना के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से ऋण सुविधा मिलने से उन्हें अपने सिलाई कार्य को आगे बढ़ाने तथा परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान देने का अवसर मिला है। अब वे अपने कार्य से होने वाली आय के माध्यम से परिवार के खर्चों में सहयोग कर रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
पीएम स्वनिधि योजना से मिले सहयोग के लिए श्रीमती मनीषा सोंधिया ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने और आगे ऋण सुविधा प्राप्त होने से उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।






































































