कोयला कंपनी कार्यालय में फायरिंग का मुख्य आरोपी नासिक से गिरफ्तार
रामपुर बटुरा खदान स्थित जय अंबे कंपनी के कार्यालय में हत्या के प्रयास का मामला, देशी कट्टा भी बरामद; पुलिस टीम होगी सम्मानित
अनूपपुर। रामपुर बटुरा ओपन कोल माइंस स्थित जय अंबे प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में देशी कट्टे से फायर कर हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 की दोपहर करीब तीन बजे जय अंबे प्राइवेट लिमिटेड के ग्राम खांडा स्थित कार्यालय में टाइमकीपर अमन सिंह क्षत्रीय सहित अन्य कर्मचारी कार्यालयीन कार्य कर रहे थे। इसी दौरान श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों पप्पू विश्वकर्मा और मिथलेश विश्वकर्मा के साथ कार्यालय में पहुंचा। आरोप है कि रोजगार को लेकर विवाद करते हुए तीनों ने कर्मचारियों से गाली-गलौज की। इसी दौरान श्रीराम विश्वकर्मा ने कमर से देशी कट्टा निकालकर कर्मचारियों पर जानलेवा फायर कर दिया। हालांकि सुरक्षा गार्ड पारस द्वारा धक्का दिए जाने से गोली कार्यालय की फर्श में धंस गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली अनूपपुर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 जून को आरोपी पप्पू विश्वकर्मा तथा 11 जून को मिथलेश चर्मकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के नासिक में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा (39) निवासी ग्राम रामपुर, थाना अमलाई, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयपुश लकड़ा, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, शिवशंकर प्रजापति, राजेंद्र अहिरवार (साइबर सेल), आरक्षक अमित यादव तथा पंकज मिश्रा (साइबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करने वाली टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय समन्वय और तकनीकी जांच के माध्यम से अपराधियों तक पहुंचने में अनूपपुर पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




































