कॉम्बिंग गश्त में करनपठार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 वारंटियों को दबोचा
राजेंद्रग्राम न्यायालय में पेश किए गए 6 गिरफ्तारी वारंटी और एक स्थायी वारंटी
राजेंद्रग्राम। थाना करनपठार एवं चौकी सरई पुलिस ने 27 सितंबर को चलाए गए विशेष कॉम्बिंग गश्त एवं वारंटी तामीली अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 गिरफ्तारी वारंट और 1 स्थायी वारंट तामील किए। लंबे समय से फरार चल रहे सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर राजेंद्रग्राम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा पुष्पराजगढ़ एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना करनपठार प्रभारी/चौकी सरई प्रभारी उप निरीक्षक मंगला दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विनोद सिंह और बीरेंद्र सिंह निवासी पड़मनिया, कोमल सिंह निवासी खमरौध, राजू सिंह निवासी जैतहरी, मनोज बैगा निवासी देवगवां जिला उमरिया तथा अमनजीत सिंह उर्फ रोहित निवासी सोहागपुर जिला शहडोल को गिरफ्तारी वारंट में पकड़ा गया।
वहीं धारा 302, 201, 34 आईपीसी के मामले में स्थायी वारंटी बीबन सिंह, निवासी कोहका नवाटोला, को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
अभियान में उप निरीक्षक धनेश्वर पटेल, उप निरीक्षक कमल किशोर चन्द्रोल सहित थाना करनपठार और चौकी सरई के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के तहत वारंटों की तामीली आगे भी जारी रहेगी।

































































