कलेक्टर ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
अनूपपुर 12 अगस्त 2026/कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्जिकल वार्ड, मेडिकल वार्ड, टीवी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, एनआरसी कक्ष सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया तथा मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारी को दिए।
कलेक्टर श्री झा ने ओपीडी कक्ष का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ओपीडी में 72 मरीजों ने चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ लिया। कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को मरीजों के उपचार में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी भ्रमण किया तथा सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, वजन, दवा एवं उपचार की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप चिकित्सा एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, तहसीलदार श्री चंद्रशेखर मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी जैतहरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

































