कॉलेज जाने निकली 18 वर्षीय युवती रायपुर से बरामद, फुनगा पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिली
25 दिन से लापता युवती की तलाश में पुलिस को मिली सफलता, सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया
अनूपपुर, 21 अगस्त। फुनगा पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों से कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 18 वर्षीय लापता युवती को रायपुर, छत्तीसगढ़ से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार फुनगा निवासी रामबाई ने 27 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी फुनगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री सीता कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका।
फरियादिया की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी फुनगा में धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। संभावित स्थानों पर पतासाजी करने के साथ तकनीकी माध्यमों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई।
लगातार की गई पतासाजी और पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप 21 अगस्त को लापता युवती सीता के रायपुर, छत्तीसगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल दस्तयाब किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से युवती के परिजनों में खुशी का माहौल है। परिजनों ने युवती की तलाश कर उसे सकुशल वापस लाने के लिए पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
इनकी रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक सोने सिंह परस्ते के नेतृत्व में सूर्यभान सिंह, वीर सिंह, पंकज मिश्रा और महेन्द्र पनिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम के निर्देशन तथा एसडीओपी आरती शाक्य और थाना प्रभारी भालूमाड़ा के मार्गदर्शन में फुनगा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से लापता युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया गया।










































