कोयलांचल समाचार | रिपोर्टर : शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। शहडोल-अनूपपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग स्थित किरर घाट के जंगल में एक युवक का शव दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के साथ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुष्पराजगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मौहारी के परसेलखुर्द निवासी 27 वर्षीय राम सिंह मरावी पिता स्वर्गीय ढिमरा सिंह मरावी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर अनूपपुर के सर्पप्रहरी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल किरर बीट क्षेत्र के जंगल में रेस्क्यू किए गए जहरीले सर्पों को सुरक्षित छोड़ने गए थे। इसी दौरान चीड़ वृक्षारोपण क्षेत्र के समीप मार्ग से कुछ दूरी पर लैंटाना की झाड़ियों के बीच एक दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल दिखाई दी। पास जाकर देखने पर एक युवक गंभीर चोटों के साथ मृत अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद जैन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को जिला अस्पताल भिजवाकर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। मृतक की पहचान के प्रयास में शशिधर अग्रवाल द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर ग्राम मौहारी के लोगों से संपर्क किया गया, जिसके बाद परिजन अनूपपुर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
रविवार सुबह पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कर साक्षियों के बयान दर्ज किए। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. दिनेश बघेल द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि राम सिंह मरावी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने ससुराल भमरहा से मोटरसाइकिल द्वारा अनूपपुर मजदूरी करने आ रहा था। इसी दौरान किरर घाट के जंगल में किसी अज्ञात कारण से उसकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।





































