जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेंगे कार्यकर्ता, खाद-बीज संकट पर जताई नाराजगी
मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी ने संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिये जमीनी स्तर पर अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। बुधवार को गोंडवाना भवन में आयोजित बैठक में आगामी चुनावी तैयारियों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ और पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत गांवों और मतदान केंद्रों तक जुड़े कार्यकर्ताओं से बनती है इसलिए हर बूथ को मजबूत करने की दिशा में काम किया जायेगा। बैठक में तय किया गया कि संगठन को केवल चुनावों तक सीमित नहीं रखा जायेगा बल्कि लगातार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को उठाया जायेगा। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव में संपर्क अभियान चलाने और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिये गये। किसानों की परेशानी पर चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद कई किसान खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराया जाये ताकि खेती का काम प्रभावित ना हो।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश चंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन को गांव की अंतिम इकाई तक मजबूत करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। हर बूथ पर सक्रिय टीम तैयार कर कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाया जायेगा।
बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, कृष्ण मुरारी तिवारी, रफीक मेमन, ओमप्रकाश गुप्ता (बड़कू भैया), सरदार बलवीर सिंह, रामनरेश पटेल, सौरव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




































