ज़रूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले आशीष मिश्रा बने प्रेरणा, 300 विद्यार्थियों को बांटी अध्ययन सामग्री और मिष्ठान
भालूमाड़ा के पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल में गणेश ट्रांसपोर्ट की अनूठी पहल, बोले– आर्थिक अभाव किसी बच्चे की पढ़ाई में नहीं बनने देंगे बाधा

जमुना-कोतमा/भालूमाड़ा। शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गणेश ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक आशीष मिश्रा ने मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भालूमाड़ा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए लगभग 300 विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल एवं मिष्ठान वितरित किया। उपयोगी अध्ययन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर उत्साह से गूंज उठा
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आशीष मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार आर्थिक स्थिति नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह गरीब है या अमीर, सरकारी स्कूल में पढ़ता है या निजी विद्यालय में। इन बातों से नहीं, बल्कि परिश्रम और सीखने की इच्छा से भविष्य का निर्माण होता है
उन्होंने विद्यार्थियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी छात्र की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित हो रही हो या उसे पढ़ाई से जुड़ी किसी भी सामग्री की आवश्यकता हो, तो वह बिना किसी संकोच के सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी बच्चे की शिक्षा केवल संसाधनों की कमी के कारण नहीं रुकने दी जाएगी और जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता की जाएगी
कार्यक्रम के दौरान आशीष मिश्रा ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सम्मान करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप दीवार घड़ियां भेंट कीं। वहीं विद्यालय परिवार ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर आशीष मिश्रा के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
भाजपा नेता उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमचंद यादव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश देते हुए आशीष मिश्रा की इस सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर जरूरतमंद बच्चों का सहयोग करना चाहिए।
आशीष मिश्रा की इस संवेदनशील पहल की विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। लोगों ने इसे सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि यदि ऐसे प्रयास लगातार होते रहें तो अनेक प्रतिभाशाली बच्चों का भविष्य संवर सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंह, पत्रकार संतोष चौरसिया, गुलाब रजक, राकेश मिश्रा उर्फ चरकू, डबलू मिश्रा, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे

















