जिपं सीईओ ने मौके पर आवेदनों के निराकरण के दिए निर्देश
शिविर मे स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गई निःशुल्क दवाइयां
अनूपपुर 13 जून 2026/ राज्य शासन के मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और विभागीय योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम बदरा में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने शिविर में पहुँचे ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना। आवेदकों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ ने मौके पर ही उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत के सचिव और रोजगार सहायकों को आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग तथा ग्राम पंचायत के अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। सीईओ ने विशेष रूप से हिदायत दी कि क्षेत्र की हाई रिस्क (उच्च जोखिम वाली) गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें तत्काल हॉस्पिटल’ रेफर किया जाए, ताकि प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने मैदानी अमले को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और ग्रामीण स्वास्थ्य कल्याण के लिए निरंतर सक्रिय रहने को कहा।
शिविर के दौरान शासन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों द्वारा विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विशेष विकासात्मक एवं हितग्राही मूलक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आजीविका मिशन, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि, सामाजिक न्याय और जनजाति कार्य विभाग शामिल रहे। इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग और आईटीआई बदरा द्वारा युवाओं को कौशल उन्नयन (स्किल डेवलपमेंट) के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
इस जनकल्याण शिविर में ग्राम बदरा सहित बम्हनी, अमलाई, हरद, दुम्मा, पकरिहा, सकोला, देवरी, देकाना और शिल्पा जैसे अनेक आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर उपस्थित हुए। शिविर के दौरान कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण हेतु सौंप दिया गया। जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम बदरा सहित जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम सकरा, जनपद पंचायत कोतमा के निगवानी, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के भवानीभंवर तथा नगर परिषद पसान , अमरकंटक में भी जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नायब तहसीलदार, एपीओ, बीसीएसबीएम, बीएमओ सहित जनपद पंचायत सदस्य, स्थानीय सरपंच एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




































