- नर्मदा किनारे बसे ग्रामों के ग्रामीणों को जैविक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी के लिए प्रेरित करें- कलेक्टर
- टीएल समीक्षा बैठक मे कलेक्टर ने दिए निर्देश
अनूपपुर 28 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित टीएल समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के विकास एवं जनहितकारी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मैदानी सक्रियता बढ़ाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर पात्र हितग्राहियों एवं आमजन को समय पर सेवाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसके लिए विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी और आपसी समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाए।
गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बायोगैस संयंत्र की संभावनाओं का परीक्षण करने तथा गौशालाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने को कहा। उन्होंने गौशालाओं को बेहतर एवं अनुकरणीय स्वरूप देने के साथ बायोगैस संयंत्र की स्थापना की संभावना और उसके स्थानीय उपयोग को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में हाट-बाजार के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन तथा विद्यालयों में खेल मैदानों के विकास के लिए पर्याप्त भूमि चिन्हित करने को कहा। जल कटाव वाले स्थानों पर सुरक्षा संरचनाएं बनाने और वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने शैक्षणिक गुणवत्ता तथा बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। विद्यार्थियों के लिए खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा प्रदाता केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। खरीफ फसल पंजीयन की समीक्षा में किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, पंजीयन केन्द्रों पर पटवारी एवं संबंधित अमले की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा फार्मर आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने 10 अक्टूबर तक पंजीयन कार्य पूर्ण कराने और सभी एसडीएम को इसकी नियमित निगरानी करने को कहा।
नर्मदा संरक्षण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों की समीक्षा में कलेक्टर ने नर्मदा नदी को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा किनारे चिन्हित ग्रामों के ग्रामीणों को शासन की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ते हुए जैविक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी एवं फलोद्यान के लिए प्रेरित करने को कहा। निजी भूमि पर स्थानीय प्रजातियों के फलदार पौधों का रोपण, तटवर्ती क्षेत्रों में फलोद्यान विकसित करने के लिए किसानों का चिन्हांकन तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के जीवन को सरल बनाने और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ नर्मदा तट के पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाए।
मत्स्य पालन को आजीविका से जोड़ने के लिए कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को जिला पंचायत से तालाबों की सूची प्राप्त कर उन्हें सहकारी समितियों से जोड़ने तथा परंपरागत रूप से मत्स्य पालन से जुड़े किसानों एवं मछुआरों की आजीविका बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को सरल बनाने और सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाए। पैक्स केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग को हाट-बाजार में उत्पादकों एवं विक्रेताओं का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा विकासशील क्षेत्रों में हाट-बाजार, मिल्क सेंटर जैसे उपयोगी केन्द्रों के लिए क्लस्टर विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य करने को कहा।
युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए कलेक्टर ने पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के अधिकारियों को कंपनियों के प्रोजेक्ट एरिया से लगे गांवों में 21 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं का सूचीकरण कर संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने के लिए कंपनियों और संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय करने को कहा। समीक्षा में जिला खनिज प्रतिष्ठान, लोक निर्माण, जल संसाधन, मत्स्य, तकनीकी शिक्षा, श्रम, सामाजिक न्याय एवं जनजातीय कार्य सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण कराने, लंबित कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा सभी विभागों को समन्वय के साथ जनहितकारी कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टीआर नाग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल शाहिद विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



































































