जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में शा.उ.मा.वि. लपटा की टीम प्रथम

---Advertisement---

 

राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज में अनूपपुर जिले का करेगी प्रतिनिधित्व

 

अनूपपुर 10 अगस्त 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशन एवं जिला समन्वयक जन अभियान परिषद् एवं प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी श्री उमेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद् तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया।

 

पर्यटन क्विज में मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, संस्कृति, नदियों, झरनों, मंदिरों, किलों एवं महलों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। अर्धनारीश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर, हनुमान लोक, हिंगलाज माता मंदिर सहित प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आधारित प्रश्नों ने प्रतियोगिता को रोचक बनाया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। लिखित परीक्षा में चयनित छह विद्यालयों के 18 विद्यार्थियों के बीच मल्टीमीडिया क्विज राउंड आयोजित किया गया। क्विज मास्टर श्री जफर खान ने रोचक एवं आकर्षक शैली में प्रश्न पूछकर प्रतियोगिता का संचालन किया।

 

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लपटा की टीम ने प्राप्त किया। टीम के सोनू सिंह, दीपक यादव एवं ईश्वर दीन चौधरी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में अनूपपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। द्वितीय स्थान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कोतमा की टीम के अनुज सेन, अक्षरा शुक्ला एवं श्रेयांश चौधरी ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर की टीम की लक्ष्मी दुबे, प्रकाश प्रजापति एवं रिया यादव ने हासिल किया। चतुर्थ स्थान अशासकीय आर.सी. स्कूल चचाई की टीम की अनन्या रजक, जयंत जोशी एवं रोजी पाण्डेय, पंचम स्थान अशासकीय भारत ज्योति विद्यालय अनूपपुर की टीम के शुभ त्रिपाठी, गौरी अग्रवाल एवं अपूर्व अग्रवाल तथा षष्ठम स्थान अशासकीय बेथेल मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल अनूपपुर की टीम के ऋषभ मिश्रा, विधि शर्मा एवं सेजल गुप्ता ने प्राप्त किया।

 

मल्टीमीडिया राउंड में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के नौ विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा तीन दिन एवं दो रात पर्यटन स्थलों के भ्रमण तथा पर्यटन बोर्ड के होटलों में वातानुकूलित कक्षों में ठहरने के वाउचर प्रदान किए गए। उपविजेता तीन टीमों के नौ विद्यार्थियों को दो दिन एवं एक रात के पर्यटन भ्रमण एवं ठहरने के वाउचर दिए गए। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल श्री चंद्रकांत त्यागी ने कहा कि पर्यटन क्विज विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ उन्हें अपने जिले और प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अनूपपुर जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है और विद्यार्थियों को इसकी विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। क्विज प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अध्ययन एवं नई जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

 

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीमों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक जिला शिक्षा कार्यालय अनूपपुर श्री ओंकार धुर्वे, डीपीसी एवं नोडल अधिकारी पर्यटन क्विज प्रतियोगिता श्री देवेश सिंह बघेल, प्रबंधक एमपीटी हॉलिडे होम्स श्री सौरभ सिंह तोमर, पर्यटन प्रबंधक म.प्र. टूरिज्म बोर्ड श्री अजय अग्रवाल, आईटी प्रोग्रामर श्री राजेश पटेल, क्विज मास्टर श्री जफर खान सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment