जिला स्तरीय जनसुनवाई में 56 आवेदनों पर हुई सुनवाई

---Advertisement---

 

कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अनूपपुर 11 अगस्त 2026/ कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आज जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त 56 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए आवेदकों को नियमानुसार राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बहपुर निवासी श्री फूल सिंह ने भूमि का नक्शा सुधार कराए जाने, ग्राम डोंगराटोला अमिलिहा, जैतहरी की पूनम स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केन्द्र दर्रीटोला में खाद्यान्न उपलब्ध कराने, करौदी, पुष्पराजगढ़ निवासी श्री सुरेंद्र कुमार ने विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने तथा ग्राम दुलहरा, तहसील अनूपपुर निवासी श्रीमती मानकुमारी सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार ग्राम बुढ़ानपुर, तहसील कोतमा निवासी श्री दीपक चौधरी ने राशन कार्ड बनाए जाने, ग्राम कटहुली, तहसील जैतहरी निवासी श्री महेंद्र सिंह चौहान ने घरेलू विद्युत कनेक्शन काटकर विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने तथा ग्राम पड़ौर, तहसील अनूपपुर निवासी श्री सीबी मार्को ने खराब विद्युत ट्रांसफार्मर हटाकर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम भाद, अनूपपुर निवासी श्रीमती मान कुंवर ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया। कलेक्टर श्री झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें तथा की गई कार्यवाही से संबंधित आवेदकों को अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment