जिला कांग्रेस अनूपपुर ने राजीव गांधी जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई

देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी जी की जयंती जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री गुड्डू चौहान की अगुवाई में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. राजीव गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण, सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल तथा पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने में स्व. राजीव गांधी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सर्वधर्म सद्भाव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में पंडित सूरजदीन चौबे एवं हाफिज रहबर अशरफी को आमंत्रित कर पुष्पमाला, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सेवादल द्वारा आयोजित सद्भावना मार्च में कांग्रेसजन शामिल हुए। “हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई-आपस में सब भाई-भाई” के नारों के साथ सद्भावना मार्च जिला मुख्यालय अनूपपुर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस समन्वय समिति के सदस्यगण, जिला कांग्रेस पदाधिकारीगण, विभिन्न मोर्चा, विभाग एवं प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण, ब्लॉक, नगर एवं मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष तथा पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




































