युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान
अनूपपुर 31 मई 2026/ भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, अनूपपुर के तत्वावधान में आज जिला चिकित्सालय परिसर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जनसामान्य को तंबाकू एवं उससे निर्मित उत्पादों के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा तंबाकू मुक्त समाज की परिकल्पना के साथ की गई, जिसका मुख्य फोकस युवा पीढ़ी को इस लत से दूर रखना था।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने तंबाकू के सेवन से होने वाले पारिवारिक और सामाजिक नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संचालक श्री राजेन्द्र प्रसाद तिवारी ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का पुरजोर आह्वान करते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देती है। वहीं, रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति डॉ. आर.पी. सोनी ने तंबाकू जनित गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर और हृदय रोग पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों से तत्काल इसे त्यागने की अपील की।
कार्यक्रम में सभी नागरिकों और स्वास्थ्य कर्मियों को तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज में इसके खिलाफ सघन जन-जागरूकता अभियान चलाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। यह शपथ रेड क्रॉस के सचिव डॉ. देवेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा दिलाई गई। कार्यक्रम में डॉ. जनक सारिवान, डॉ. शिवेंद्र द्विवेदी ,कमलाकर गौतम, डॉ. शिवेन्द्र द्विवेदी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





































