अनूपपुर नवभारत 22 नवंबर। जिला चिकित्सालय में पदस्थ महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. खेरा द्वारा निजी अस्पताल के संचालन अथवा निजी प्रैक्टिस किए जाने को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया गया है। इस मामले में विधायक बिसाहूलाल सिंह द्वारा मध्यप्रदेश विधानसभा में प्रश्न क्रमांक 29478 के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग से जवाब मांगा गया है।
विधानसभा में प्रस्तुत प्रश्न में सरकारी चिकित्सक की निजी अस्पताल में भूमिका, शासन की अनुमति और जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए गए हैं।
अब स्वास्थ्य विभाग के जवाब पर निगाहें
इस मामले में विधानसभा की आगामी बैठक का उत्तर तिथि 9 दिसम्बर अंकित है। अब देखना होगा कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग इन सवालों पर क्या जवाब देता है और जिला चिकित्सालय अनूपपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर क्या जानकारी सामने आती है।
जनहित का सवाल
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं मिलना बेहद जरूरी है। ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष जांच और विभागीय जवाबदेही महत्वपूर्ण होगी।
विधायक ने चार बिंदुओं पर मांगा जवाब
विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों में मुख्य रूप से जिन बिंदुओं पर सवाल किए गए उनमें क्या जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पदस्थ डॉ. खेरा द्वारा निजी अस्पताल का संचालन किया जा रहा है? यदि हां, तो निजी अस्पताल का नाम, स्थान एवं पंजीयन संबंधी जानकारी क्या है? क्या शासकीय सेवा में रहते हुए चिकित्सक को निजी अस्पताल संचालित करने अथवा निजी प्रैक्टिस करने की अनुमति शासन से प्राप्त है? यदि हां, तो अनुमति की शर्तें क्या हैं? क्या निजी अस्पताल के संचालन के कारण जिला चिकित्सालय में निर्धारित ड्यूटी, ओपीडी, गर्भवती महिलाओं की जांच एवं प्रसव सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं? क्या शासन द्वारा संबंधित चिकित्सक की शासकीय उपस्थिति, ओपीडी रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट एवं निजी अस्पताल के संचालन की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी? अनियमितता मिलने पर क्या कार्रवाई होगी? शामिल है।












































