झीमर नाला के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 230 किलो महुआ लाहन जब्त
अवैध शराब बनाने की तैयारी नाकाम, आबकारी अधिनियम के तहत आरोपी पर मामला दर्ज
अनूपपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 230 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के झीमर नाला के पास अवैध रूप से महुआ लाहन एकत्र कर शराब बनाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 23 डिब्बों में भरा लगभग 230 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद महुआ लाहन को विधिवत जब्त कर लिया।
जांच के दौरान मामले में झीमर निवासी संजीव कुमार सिंह (34) को आरोपी बनाया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 193/26 दर्ज कर धारा 34(1)(एफ) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




































