जैतहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन पिकअप से 20 मवेशी बरामद, 21.20 लाख का माल जब्त
क्रूरतापूर्वक ठूंसकर कटने के लिए ले जाए जा रहे थे मवेशी, एक आरोपी गिरफ्तार; फरार चालकों की तलाश जारी
जैतहरी/अनूपपुर, 3 सितंबर। पशु क्रूरता एवं अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध जैतहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 20 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन पिकअप वाहन सहित कुल 21 लाख 20 हजार रुपये का माल-मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
पुलिस को 3 सितंबर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक बांधकर कटने के लिए मरवाही, छत्तीसगढ़ की ओर से सिवनी-मुण्डा मार्ग होते हुए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को अवगत कराया गया। इसके बाद जैतहरी थाना एवं पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर की तीन टीमों का गठन कर ग्राम मुण्डा-सिवनी मार्ग पर नाकाबंदी की गई।
इसी दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस को भी सूचना देकर संदिग्ध वाहनों की जानकारी साझा की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने संदिग्ध वाहनों का पीछा करते हुए उन्हें खदेड़ा और अनूपपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। नाकाबंदी के दौरान तीनों पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालकों ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीमों ने तीनों वाहनों का पीछा किया। पुलिस की घेराबंदी और पीछा किए जाने के दौरान चालक वाहनों को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तीनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें मवेशियों को बेहद अमानवीय एवं क्रूरतापूर्ण तरीके से भरा हुआ पाया गया।
पहली पिकअप में 7 मवेशी, दूसरी पिकअप में 6 मवेशी, जिनमें एक भैंस मृत अवस्था में मिली, जबकि तीसरी पिकअप में 7 मवेशी बरामद हुए। सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर वाहनों में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। वाहनों में मवेशियों के लिए चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
कार्रवाई के दौरान दूसरी पिकअप में सवार आसीफ कुरैशी, पिता हसनैन कुरैशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी जेकेडी झगड़ाखान, मनेन्द्रगढ़, छत्तीसगढ़ को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं फरार वाहन चालकों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
21.20 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में तीन पिकअप वाहन और 20 मवेशियों को जब्त किया है। जब्त माल-मशरूका की अनुमानित कुल कीमत 21 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। इसमें तीन पिकअप वाहनों की अनुमानित कीमत 17 लाख रुपये तथा 20 मवेशियों की अनुमानित कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से मिली सफलता
पूरी कार्रवाई में अनूपपुर और छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों का पीछा कर उन्हें खदेड़ने तथा अनूपपुर पुलिस को तत्काल सूचना एवं सहयोग उपलब्ध कराने से कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रवीण साहू, मणिराज सिंह, सुरेश कुमार कोरी, दिनेश पाटील, मनीष सिंह तोमर एवं विजय टाटू शामिल रहे। पुलिस ने प्रकरण में फरार वाहन चालकों की तलाश तेज कर दी है तथा मामले की विवेचना जारी है।







































































