हवा भरते समय फटा एयर टैंक, 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
कोतमा के श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित ऑटो वर्कशॉप में हुआ हादसा, कुछ माह पहले ही हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम
जमुना कोतमा। अनूपपुर जिले के कोतमा नगर स्थित श्रमिक नगर बस स्टैंड में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ऑटो गैरेज में काम के दौरान हवा भरते समय अचानक एयर टैंक फट गया, जिसकी चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिंस साहू (22 वर्ष), पिता मोती साहू श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित कृष्णा ऑटो डील, मोती ऑटो वर्कशॉप एवं धुलाई सेंटर में कार्यरत थे बुधवार करीब दोपहर 12 बजे वह वर्कशॉप में हवा भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एयर टैंक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रिंस साहू का विवाह कुछ ही समय पहले छील्पा क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद परिवार ने नए जीवन की शुरुआत की थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की मौत से परिजनों के साथ-साथ परिचितों और स्थानीय लोगों में भी गहरा शोक है
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि एयर टैंक किन परिस्थितियों में फटा। क्या टैंक पुराना था, उसमें तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो गैरेजों और सर्विस सेंटरों में उपयोग होने वाले एयर टैंकों की समय-समय पर जांच और रखरखाव बेहद आवश्यक है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल घटना के कारणों की जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा महज दुर्घटना था या इसके पीछे किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार थी। वहीं, पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है














