हसदेव नदी पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल 16 गांवों को मिलेगी सालभर आवागमन की सुविधा

---Advertisement---

 

मनेन्द्रगढ़। विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पेन्ड्री से मंगोरा-बेलकामार मार्ग पर हसदेव नदी के ऊपर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। लगभग 7 करोड़ 35 लाख 68 हजार रुपयों की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 16 गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हसदेव नदी पर बनने वाला यह पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास का नया द्वार है। वर्षों से लंबित इस मांग को प्रदेश सरकार ने स्वीकृति देकर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि पुल बनने के बाद वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार जैसे क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। मंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में नदी में उफान आने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती थी। पुल निर्माण के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान हो जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।

यह पुल पेन्ड्री, मंगोरा, बेलकामार सहित आसपास के 16 गांवों की संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी आने से किसानों को लाभ मिलेगा वहीं स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह परियोजना लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी आवश्यकता को पूरा करेगी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हसदेव नदी पर बनने वाला यह उच्च स्तरीय पुल आने वाले वर्षों में क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि का आधार बनेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, 16 गांवों के सरपंचों, भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment