अनूपपुर 11 अगस्त 2026/ हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत जैतहरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनगांव पूर्वी में विद्यार्थियों द्वारा रंगोली निर्माण गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने रंगोलियों में राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे के रंगों तथा राष्ट्रप्रेम से जुड़े विभिन्न संदेशों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। रंगोली निर्माण के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान में सहभागिता कर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित करने की अपील की गई।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में देशभक्ति से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को सुदृढ़ करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

















