HPV टीकाकरण में एमसीबी का कमाल, छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान

---Advertisement---

 

बेटियों की सुरक्षा अभियान बना सफलता की मिसाल

एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान में पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से चलाये गये इस अभियान की सफलता का श्रेय जिला प्रशासन की प्रभावी रणनीति, विभागीय समन्वय और स्वास्थ्य अमले की सतत मेहनत को दिया जा रहा है।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान को मिशन मोड में संचालित किया। नियमित समीक्षा, सटीक माइक्रो प्लानिंग और जमीनी स्तर पर सतत निगरानी के कारण जिले ने प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में स्थान बनाया। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों की बालिकाओं तक भी टीकाकरण पहुंचाने के लिये विशेष शिविर आयोजित किये गये। स्वास्थ्य टीमों ने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और गांवों में पहुंचकर पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन किया और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया।

*जागरूकता से बढ़ा विश्वास*

अभियान की शुरुआत में HPV वैक्सीन को लेकर कई अभिभावकों में संकोच और भ्रांतियां थीं। इसे दूर करने के लिये स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क किया। स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बताया गया कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिये यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। जनजागरूकता के सकारात्मक परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपनी बेटियों का टीकाकरण कराया।

*सफलता के पीछे मजबूत टीमवर्क*

इस उपलब्धि में प्रशासनिक निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय, दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और जमीनी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यापक कवरेज सुनिश्चित किया गया।

*पूरी टीम को मिली बधाई*

इस उपलब्धि पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ), चिकित्सकों, एएनएम, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों और अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की समर्पित मेहनत और जिला प्रशासन के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल रैंक हासिल करना नहीं बल्कि जिले की प्रत्येक पात्र बालिका को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में एमसीबी जिला इस अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने की दिशा में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। जिले की इस उपलब्धि पर नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए इसे बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment