हाथियों का आतंक जारी: दीवार गिरने से वृद्ध घायल, कई गांवों में घर और फसलों को पहुंचाया नुकसान

---Advertisement---

हाथियों का आतंक जारी: दीवार गिरने से वृद्ध घायल, कई गांवों में घर और फसलों को पहुंचाया नुकसान

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर : शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर। जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जैतहरी वन परिक्षेत्र के चोई गांव के पड़मनिया टोला में मंगलवार रात एक अकेले नर हाथी ने 70 वर्षीय भोला प्रसाद राठौर के घर पर हमला कर दिया। हाथी पहले धान रखने वाले कुठला को तोड़कर धान खाने लगा, फिर घर की ईंट की दीवार और लकड़ी का गेट तोड़ दिया। दीवार गिरने से भोला प्रसाद मलबे में दब गए, जिससे उनके हाथ, पैर और कमर में चोटें आईं। सूचना पर वन विभाग की टीम उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंची, जहां डॉ. सुयांशु दास की देखरेख में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार वृद्ध की हालत स्थिर है और आवश्यकता पड़ने पर जिला चिकित्सालय रेफर किया जाएगा।

इधर, तीन हाथियों का झुंड अनूपपुर वन परिक्षेत्र के पोंडी, मानपुर, बरबसपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों ने कई ग्रामीणों के मकानों में तोड़फोड़ की तथा खेतों और बाड़ियों में लगी सब्जियों, कटहल और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया। मंगलवार देर रात झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर बरबसपुर गांव पहुंचा और कई स्थानों पर उत्पात मचाया।

वन विभाग की टीम हाथियों की लगातार निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों से रात के समय जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। लगातार हो रहे नुकसान से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment